शिमला, 21 अगस्त (rhnn) : ठियोग में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को शुक्रवार 21 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। सभी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामला 15/16 अगस्त की रात ठियोग के गुलू स्थित फन कैंपस के पास शुरू हुए विवाद से जुड़ा है। इस मामले में एक पक्ष की शिकायत पर अभियोग संख्या 115/2026 दर्ज किया गया था। शिकायत में कई वाहनों में आए लोगों पर धमकाने और कुछ व्यक्तियों के पास हथियार होने के आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने इस मामले में विक्रांत शर्मा, वंश शर्मा और किंशुक शर्मा को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया था।
इसके बाद 16/17 अगस्त की रात बाईपास ठियोग के पास विपक्षी पक्ष के साथ मारपीट, चोट पहुंचाने और वाहन क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया। इस संबंध में अभियोग संख्या 117/2026 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कथित तौर पर मोबाइल फोन बंद कर दिए थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए सामान्य ठिकानों से दूर चले गए थे। ठियोग पुलिस टीम ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता से संभावित ठिकानों की तलाश की और लगातार दबिश देकर अंकित वर्मा, अंकुश वेक्टा, कपिल वर्मा, साहिल और पंकज वर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जा रही है।

