RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

राज्यपाल ने आईजीएमसी शिमला के शिशु वार्ड के लिए कंबल भेंट किए

शिमला, 26 अगस्त (rhnn) : राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज लोक भवन में हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (आईजीएमसी), शिमला के शिशु वार्ड के लिए 40 कंबल भेंट किए। आईजीएमसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव तथा पीडियट्रिक सर्जरी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. कमल कांत शर्मा ने अस्पताल की ओर से कंबल प्राप्त किए। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि मानवता की सेवा और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहना रेडक्रॉस आंदोलन की मूल भावना है। उन्होंने कहा कि छोटे लेकिन सार्थक प्रयास अस्पतालों में उपचाराधीन मरीजों, विशेषकर बच्चों और उनके परिजनों को सुविधा, सहारा और गरिमा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा उपचार की आवश्यकता वाले बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ संवेदनशील, स्नेहपूर्ण और सहयोगी वातावरण की भी आवश्यकता होती है। उन्होंने अस्पतालों और समाज के संवेदनशील वर्गों तक मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के प्रयासों की सराहना की।

राज्यपाल ने कहा कि आईजीएमसी जैसे उत्कृष्ट स्वास्थ्य संस्थान राज्य के दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करते हैं। उन्होंने मरीजों को चिकित्सा उपचार के साथ आवश्यक सहयोग एवं सहायता उपलब्ध करवाने के लिए रेडक्रॉस सोसायटी, स्वास्थ्य संस्थानों और अन्य हितधारकों के बीच निरंतर समन्वय एवं सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से आपातकालीन एवं कठिन परिस्थितियों के दौरान मानवीय कल्याण सेवाओं को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आम लोगों और विभिन्न संस्थाओं से मरीजों एवं जरूरतमंदों के कल्याण से जुड़ी पहलों में सक्रिय रूप से योगदान देने का आह्वान किया। राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि इस प्रकार की पहल समाज में सामाजिक सेवा के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ-साथ करुणा, संवेदनशीलता और परस्पर सहयोग की भावना को भी मजबूत करेगी। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज भी उपस्थित थे।

Related posts