शिमला, 01 सितंबर (rhnn) : राजकीय उच्च विद्यालय विकासनगर के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलकूद, सांस्कृतिक और साहित्यिक प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। खेल मैदान न होने के बावजूद विद्यार्थियों ने कई स्पर्धाओं में प्रथम स्थान और व्यक्तिगत मुकाबलों में स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक हासिल किए। अंडर-14 बालक वर्ग में विवेक ने भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। समूह गान और एकांकी नाटक में भी विद्यालय प्रथम रहा, जबकि कुश्ती और सोलो गायन में द्वितीय स्थान हासिल किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में लोक नृत्य और एकांकी नाटक में प्रथम, जबकि सोलो गायन और कबड्डी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
जूडो में कौशर अली ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि माही और रिंकू ने कांस्य पदक हासिल किए। कुश्ती में सिमरन ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। माही ने रजत और कांस्य, रिंकू व प्रेरणा ने रजत तथा दिनेश ने कांस्य पदक हासिल किया। मुख्याध्यापिका रेनू रतन ने सभी विजेता विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल मैदान जैसी सुविधा न होने के बावजूद विद्यार्थियों की यह उपलब्धि सराहनीय है। उन्होंने पीईटी रजनी ठाकुर, विनोद, राहुल सहित समस्त अध्यापक वर्ग के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

