शिमला-04 दिसंबर (rhnn) : प्रदेश की कांग्रेस सरकार 11 दिसंबर को एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर धर्मशाला में जश्न मनाएगी। धर्मशाला के पुलिस मैदान में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय रैली को ‘व्यवस्था परिवर्तन का एक साल’ नाम दिया गया है। इस रैली में प्रदेशभर से कार्यकर्ता व लोग भाग लेंगे। कांग्रेस ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाकर शक्ति प्रदर्शन कर मिशन-2024 की हुंकार भरेगी। कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया जाएगा ताकि वह अगले चुनावों के लिए जमीनी स्तर पर अभी से कार्य करें। रविवार को राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ में आयोजित कांग्रेस विधायक दल की बैठक में इसको लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने की। सरकार ने पहले तय किया था कि कार्यक्रम शाहपुर विधानसभा के चंबी में आयोजित किया जाएगा। लेकिन कांग्रेस विधायक दल की सहमति के बाद इसे अब धर्मशाला में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस रैली में पार्टी शीर्ष नेतृत्व भी मौजूद रहेगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू एक दो दिनों के भीतर दिल्ली जाकर हाईकमान से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में आने का न्यौता देंगे।
बैठक में रैली की तैयारियों को लेकर जिम्मेदारियां सौंपी गई। धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा पर इस रैली का पूरा दारोमदार रहेगा। उन्होंने विधायक दल को आश्वस्त किया कि रैली पूरी सफल रहेगी। उन्हें रैली में 8 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य दिया गया है। जबकि नगरोटा बगवां के विधायक रघुबीर बाली को 2 व शाहपुर से विधायक केवल सिंह पठानिया को 2 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा कांगड़ा विस क्षेत्र के अन्य विधायकों को 1-1 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य दिया गया है। अन्य विधानसभा क्षेत्रों से भी 500 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को लाने का लक्ष्य दिया गया है।
बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार का मसला भी अनौपचारिक रूप से उठा। इस पर कुछ विधायकों ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए इस पर निर्णय लेना चाहिए। सूत्रों की माने तो सरकार जल्द ही इस दिशा में फैसला लेने जा रही है। इसको लेकर चर्चा हुई है। बैठक में 4 राज्यों के विधानसभा चुनावों पर भी चर्चा हुई। कुछ विधायकों ने कहा कि अगले साल लोकसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में ये नतीजे कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ेंगे। बैठक में विधायकों ने बोर्ड व निगमों में पदाधिकारियों की ताजपोशी की बात उठाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जल्द ही इस संबंध में नियुक्तियां करेगी। इसके लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया जाए।