RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

प्रदेश में ताजा हिमपात व ओलावृष्टि से बढ़ी ठंड

शिमला-05 दिसंबर (rhnn) : प्रदेश में सोमवार को कई स्थानों पर वर्षा, ओलावृष्टि व हिमपात से ठिठुरन बढ़ गई है। बीते कल शिमला शहर में ओलावृष्टि हुई, जबकि धर्मशाला, ऊना, हमीरपुर, सोलन और बिलासपुर में वर्षा हुई। ताजा हिमपात के कारण जिला मुख्यालय कुल्लू को जोड़ने वाली 69 पंचायतों का मुख्यालय से संपर्क कट गया है। औट-लुहरी-सैंज राष्ट्रीय राजमार्ग-305 में जलोड़ी जोत हिमपात के कारण यातायात के लिए बंद हो गया। कुंजम दर्रे में भारी हिमपात होने से स्पीति का लाहुल घाटी से संपर्क कट गया। सर्दियों के कारण यह मार्ग अप्रैल, मई तक वाहनों के लिए बंद रहेगा। मंडी जिला में पंडोह के पास वैकल्पिक मार्ग पर चट्टान गिरने से मंडी-कुल्लू एनएच तीन घंटे के लिए बाधित हुआ। उधर, लाहुल घाटी में केलंग मनाली सहित केलंग उदयपुर, केलंग जिस्पा दारचा, केलंग सिस्सू तक बस सेवा सुचारू हो गई है।

हिमपात-वर्षा के बाद प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट भुंतर में आठ डिग्री, सुंदरनगर में छह, मंडी में 5.3 व शिमला में 4.5 डिग्री सेल्सियस आई है। न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है। केलंग, कल्पा, समदो में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे है।

Related posts