शिमला 06 सितम्बर 2025 (RHNN) : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ऊना जिले के गगरेट के पास एक एम्बुलेंस के गहरी खाई में गिरने से हुई तीन लोगों की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में दो व्यक्ति घायल भी हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने गंभीर रूप से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए प्रार्थना की।