RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

10वें सेवानिवृत्त सैनिक दिवस संवाद, पांच पूर्व सैनिक सम्मानित

शिमला, 14 जनवरी 26 (RHNN) : सेना प्रशिक्षण कमान मुख्यालय द्वारा शिमला जिले के पूर्व सैनिकों के लिए बुधवार को शिमला में 10वें सेवानिवृत्त सैनिक दिवस संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए।कार्यक्रम की अध्यक्षता एआरटीआरएसी के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल सुकृति सिंह दहिया, एसएम, वीएसएम ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त सैनिक दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों के कल्याण, पेंशन, अधिकारों तथा उनके निकट संबंधियों (एनओके) से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाना और संतुष्टि का स्तर सुनिश्चित करना है।

ले. जनरल दहिया ने राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ सेवा के लिए पूर्व सैनिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय सेना उनके कल्याण और भलाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की वास्तविक चिंताओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर पूर्व सैनिकों के कल्याण को मजबूत करने के लिए चल रही पहलों की भी जानकारी दी गई। प्रोजेक्ट नमन के तहत स्पर्श डिजिटल पेंशन प्रणाली और कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से सेवाओं को सरल बनाया जा रहा है। शिमला में प्रोजेक्ट नमन का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को एकल-बिंदु सहायता उपलब्ध होगी।कार्यक्रम के दौरान आतिथ्य, वीर नारियों के कल्याण, युवा कार्य, नशा-विरोधी अभियान, उद्यमिता और समाज सेवा में योगदान के लिए कर्नल आर.एस. परमार (सेवानिवृत्त), मेजर (डॉ.) रितु कालरा (सेवानिवृत्त), सूबेदार मेजर व ऑनररी लेफ्टिनेंट दिवाकर दत्त शर्मा (सेवानिवृत्त), हवलदार मोहन लाल चौहान (सेवानिवृत्त) और चीफ पेटी ऑफिसर गीतेश्वर को सम्मानित किया गया।

Related posts