शिमला, 14 जनवरी 26 (RHNN) : हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह के अधिकारियों के बारे में दिए गए बयान पर मंत्री जगत सिंह नेगी के बाद मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने अपनी बात रखी। अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि अधिकारी सरकार के पिलर होते हैं और ऐसे आरोप लगाने से कार्य करने वाले अधिकारियों का मनोबल गिरता है। किसी दूसरे राज्य के अधिकारियों के बारे में बयान देना गलत है। हिमाचल के रहने वाले लोग भी दूसरे राज्यों में अधिकारी हैं। अनिरूद्ध सिंह ने यह भी कहा कि अधिकारियों से कार्य नहीं करा पा रहे तो कार्यशैली में कमी हो सकती है। दूसरों को पूरी तरह दोष देना ठीक नहीं है।
इस तरह विक्रमादितय बयान को सरकार के दो मंत्रियों ने गलत बता दिया है। विक्रमादित्य ने दो दिन पहले सोशल मीडिया में पोस्ट डालकर यूपी बिहार के आईएएस अधिकारियों को घेरते हुए कहा था कि इनसे समय पर निपटने की आवश्यकता है नहीं तो हिमाचल के हित निपट जाएंगे। यूपी बिहार के अधिकारियों को हिमाचल सरोकार नहीं रहता है।

