RHNN
ट्रेंडिंग न्यूज़

पेंशनरों के बकाया भुगतान की घोषणा का पेंशनर्स ज्वाइंट फ्रंट ने किया स्वागत

शिमला, 25 जनवरी 26 (RHNN) : हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स ज्वाइंट फ्रंट ने प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा पूर्ण राज्यत्व दिवस के अवसर पर प्रागपुर (कांगड़ा) में हिमाचल के अवसर पर पेंशनरों के लिए की गई घोषणाओं का स्वागत किया है। फ्रंट के अध्यक्ष आत्मा राम शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह घोषणा पेंशनरों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।

उन्होंने कहा कि 70 वर्ष पूर्ण कर चुके सभी पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को छठे वेतन आयोग के तहत लंबित देयकों का भुगतान इसी माह 31 जनवरी तक किए जाने की घोषणा का स्वागत किया गया है। इसके साथ ही 1 जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2021 के बीच सेवानिवृत्त पेंशनरों को ग्रेच्युटी का 50 प्रतिशत तथा लीव एनकैशमेंट का 70 प्रतिशत बकाया एरियर भी 31 जनवरी तक दिए जाने की घोषणा को सकारात्मक कदम बताया गया है। पेंशनर्स ज्वाइंट फ्रंट ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री वर्ष 2026-27 के बजट में वर्ष 2016 से जनवरी 2022 तक सेवानिवृत्त सभी पेंशनरों के शेष बकाया का एकमुश्त भुगतान करने के लिए बजट में समुचित प्रावधान करेंगे।

इस अवसर पर फ्रंट के संयोजक हरीश शर्मा, सह संयोजक जगमोहन ठाकुर, राज्य महासचिव हुकम सिंह ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कल्याण भंडारी, मीडिया कोऑर्डिनेटर कुलदीप गुलेरिया सहित मंडी, बिलासपुर, कांगड़ा, शिमला, हमीरपुर, किन्नौर और अन्य जिलों के पदाधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत करते हुए शीघ्र अमल की मांग की है। पेंशनर्स फ्रंट के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार आने वाले बजट में पेंशनरों के लंबित बकाया के भुगतान का ठोस प्रावधान करती है तो यह लाखों पेंशनरों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

Related posts