शिमला, 01 फरवरी 26 (RHNN) : सुधीर शर्मा ने कहा कि बजट 2026 में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए सरकार ने पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर ₹12.2 लाख करोड़ करने का प्रस्ताव किया है, जो देश को भविष्य की अर्थव्यवस्था बनाने का मजबूत आधार है। इससे सड़कों, रेलवे, जलमार्ग, लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक विस्तार को नई गति मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा टियर-2 और टियर-3 शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर विशेष ध्यान देना हिमाचल जैसे राज्यों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इससे प्रदेश के शिमला, धर्मशाला, मंडी, सोलन और अन्य शहरों में विकास, निवेश और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
हिमाचल प्रदेश के लिए पर्यटन, फार्मा और पर्वतीय कनेक्टिविटी में नई संभावनाएं : सुधीर शर्मा ने कहा कि बजट में हिमाचल जैसे पर्वतीय राज्यों के लिए Eco-Friendly Mountain Corridors विकसित करने की घोषणा एक बड़ी सौगात है। इससे प्रदेश में पर्यटन और कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि ₹10,000 करोड़ की Bio Pharma Shakti परियोजना हिमाचल के फार्मा उद्योग, विशेषकर बद्दी-सोलन क्षेत्र, के लिए वरदान सिद्ध होगी। इससे निवेश, उत्पादन और रोजगार में अभूतपूर्व वृद्धि होगी। साथ ही आयुष सेक्टर को मजबूत करने की योजनाएं, मेडिकल टूरिज्म हब का प्रस्ताव और स्वास्थ्य क्षेत्र में रोकथाम एवं प्रारंभिक इलाज पर फोकस हिमाचल के लिए नई पहचान और अवसर लेकर आएगा।

