शिमला, 04 फरवरी 26 (RHNN) : शिमला नगर निगम के 28 पार्षदों का एक प्रतिनिधिमंडल उप महापौर उमा कौशल के नेतृत्व में मुंबई स्थित भांडुप जल शोधन संयंत्र के अध्ययन दौरे पर पहुंचा। यह संयंत्र सुएज (Suez) कंपनी द्वारा संचालित किया जा रहा है और इसकी कुल क्षमता 900 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) है। भांडुप जल शोधन संयंत्र मुंबई नगर निगम के प्रमुख जल आपूर्ति केंद्रों में शामिल है, जिससे लगभग छह लाख लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाता है।
वर्ष 2014 में स्थापित इस अत्याधुनिक संयंत्र में जल शोधन की उन्नत तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल को कच्चे पानी के संग्रहण से लेकर शुद्धिकरण, फिल्ट्रेशन और वितरण की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। पार्षदों ने संयंत्र की कार्यप्रणाली, स्वचालित निगरानी प्रणाली और गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
प्रतिनिधिमंडल ने संयंत्र के कुशल संचालन और आधुनिक तकनीक की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की व्यवस्थाएं पहाड़ी शहर शिमला के लिए भी उपयोगी साबित हो सकती हैं। उप महापौर उमा कौशल ने कहा कि इस अध्ययन दौरे से मिले अनुभवों का उपयोग शिमला में पेयजल आपूर्ति को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में किया जाएगा।

