शिमला, 08 मार्च 26 (RHNN) : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से गेयटी थिएटर में ‘शी लीड्स कलेक्टिव’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं के नेतृत्व, आत्मविश्वास और सामूहिक शक्ति से समाज सशक्त बनता है। जब महिलाएं एकजुट होकर नेतृत्व करती हैं तो समाज में सकारात्मक बदलाव की गति तेज हो जाती है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, तकनीक और सामाजिक भागीदारी के माध्यम से महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रही हैं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
इस अवसर पर स्पेशल ओलंपिक वर्ल्ड विंटर गेम्स में ब्रॉन्ज और सिल्वर पदक विजेता हर्षिता ठाकुर ने कहा कि यदि मन में दृढ़ संकल्प हो तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। डीएसपी गुलशन नेगी ने महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी दी, वहीं बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष संतोष शर्मा ने बच्चों को समय देने और मोबाइल से दूरी बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सहायक आयुक्त आबकारी पूनम ठाकुर ने विभाग की उपलब्धियों और जीएसटी को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की जानकारी दी। डॉ. रविंद्रा बांशटू ने महिलाओं को खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी, जबकि कल्पना ने ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। कार्यक्रम में एसएचओ छोटा शिमला ममता रघुवंशी, फाइन आर्ट्स कॉलेज की प्रिंसिपल कामायनी विष्ट, वरिष्ठ पत्रकार अर्चना फुल, मनोचिकित्सक डॉ. दीपा राठौर सहित कई वक्ताओं ने महिलाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक भागीदारी पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं के सहयोग, जागरूकता और नेतृत्व से ही समाज में समानता और प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा।

