RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

ओडिशा से आए पत्रकारों के प्रतिनिधिमण्डल ने राज्यपाल से की भेंट

शिमला, 23 मार्च 26 (RHNN) : पत्र सूचना कार्यालय के तत्वावधान में हिमाचल भ्रमण पर आए ओडिशा के पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमण्डल ने आज यहां लोकभवन में राज्यपाल श्री कविंद्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने राज्यपाल के साथ अपने अनुभव साझा किए और राज्य की संस्कृति और परम्पराओं के बारे में विस्तृत चर्चा की। यह दल 10 दिनों के प्रदेश दौरे पर है और इस दौरान, वे शिमला, कुल्लू और मनाली के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे।

इस अवसर पर, राज्यपाल ने पत्रकारों के साथ संवाद के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की जो परिकल्पना की है वह ऐसे कार्यक्रमों से भी परिलक्षित होती है। उन्होंने कहा कि भारत विभिन्न भाषाओं और बोलियों का देश है। भाषाई विविधता के बावजूद, हम सब एक हैं और इस देश की खूबसूरती भी है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान के इस तरह के कार्यक्रमों को उन्होंने लद्दाख में भी बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने भारत को बांटने का प्रयास किया और प्रधानमंत्री ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार किया है।

राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अटल टनल तथा अन्य अधोसंरचना विकास तेजी से हो रहा है और इसी तरह जम्मू-कश्मीर में भी सड़क, सुरंग, हवाई मार्ग तथा रेल मार्ग के माध्यम से आवाजाही सुगम हुई है। इससे सीमावर्ती क्षेत्र भी मुख्य धारा से जुड़ रहे हैं। उन्होेंने कहा कि अधोसंचना का कार्य रूकना नहीं चाहिए, इससे देश की छवि भी बनती है।

हिमाचल प्रदेश में अपनी प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा कि राज्य में स्थानीय उत्पादों पर अधिक काम होना चाहिए ताकि इससे लोगों की आर्थिकी बढ़े। इसके लिए औषधीय पौधों की खेती को अधिक प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में पूर्व में रहे राज्यपालांे द्वारा नशामुक्त हिमाचल और प्राकृतिक खेती की दिशा में अधिक काम किया गया, जिसे और प्रोत्साहित किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पर्यटन को खेल गतिविधियों से जोड़ने, विशेषकर विंटर गेम्स तथा कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को रचनात्मक दिशा देने की जरूरत है। जहां तक उद्योगों का प्रश्न है वह बिमारू नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि वे हर व्यक्ति से मिलना पसंद करते हैं और सबको साथ लेकर हिमाचल के विकास में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इससे पूर्व, हिमाचल में पत्र सूचना कार्यालय के सहायक निदेशक श्री संजीव शर्मा ने राज्यपाल का आभार व्यक्त किया और उन्हें सम्मानित किया। प्रतिनिधिमण्डल ने लोकभवन का दौरा भी किया और धरोहर भवन के रखरखाव से प्रभावित हुए।

Related posts