RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

शिमला ग्रामीण की सुनिधि बनी टीम की हीरो, दो ओवर में तीन विकेट लेकर दिलाई जीत

शिमला, 02 अप्रैल 26 (RHNN) : ​शिमला ग्रामीण क्षेत्र के ओखरू गांव की 14 वर्षीय होनहार बेटी सुनिधि ठाकुर क्रिकेट के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है। दसवीं कक्षा में अध्ययनरत सुनिधि इन दिनों अर्की क्षेत्र के राहु में आयोजित लड़कों के ओपन क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान आकर्षित कर रही है। 2 ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट लेने वाली सुनिधि न केवल अपनी टीम की जीत की हीरो बनीं, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि अगर हौसला और मेहनत हो तो बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।

राहु में खेले गए मुकाबले में सुनिधि ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए दो ओवर में 16 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। सुनिधि महादेव इलेवन ओखरू टीम की खिलाड़ी हैं। मुकाबले में बनिया देवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 73 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी महादेव इलेवन ओखरू की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 7.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

सुनिधि ने बताया कि बचपन से ही अपने आसपास लड़कों को क्रिकेट खेलते देख उनके मन में भी इस खेल के प्रति रुचि जगी। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया, जिसके चलते आज वह क्रिकेट में अपना प्रदर्शन कर पा रही हैं। सुनिधि की पसंदीदा क्रिकेटर भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना और हिमाचल प्रदेश की तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर हैं। उनका सपना है कि एक दिन वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा बनकर देश का नाम रोशन करें। कम उम्र में लड़कों के साथ क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर रही सुनिधि ठाकुर आज क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं।

Related posts