कुनिहार/शिमला, 06 अप्रैल 26 (RHNN) : भारतीय राज्य पेंशनर संघ की कुनिहार इकाई की बैठक सोमवार को वरिष्ठ नागरिक हॉल में इकाई अध्यक्ष आर.पी. जोशी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में महासंघ के प्रदेश महामंत्री इंदर पाल शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जबकि प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बैठक में संघर्ष समिति के मीडिया प्रभारी सेन राम नेगी और जिला शिमला के संयोजक मोहन सिंह भी मौजूद रहे। अध्यक्ष आर.पी. जोशी ने सभी अतिथियों और सदस्यों का स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न वक्ताओं ने पेंशनरों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार और सुझाव रखे। प्रदेश महामंत्री इंदर पाल शर्मा ने अपने संबोधन में पेंशनरों की लंबित देनदारियों को लेकर प्रदेश स्तर पर संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा चलाए गए आंदोलनों की जानकारी दी। उन्होंने इन आंदोलनों में सहयोग देने के लिए सभी सदस्यों का आभार जताते हुए भविष्य में भी एकजुट रहने और संघर्ष को मजबूत करने की अपील की।
अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा ने 30 मार्च को शिमला में हुए राज्य स्तरीय विशाल धरना-प्रदर्शन और उसके बाद मुख्यमंत्री के साथ हुए शिष्टमंडल की बैठक की जानकारी दी। बैठक में महासचिव राकेश शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण चंद वर्मा, मुख्य सलाहकार जे.पी. शाह सहित कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

