शिमला, 28 अप्रैल 26 (RHNN) : हवाई यात्रा के दौरान मोबाइल स्क्रीन के बजाय किताबों की ओर रुझान बढ़ाने के उद्देश्य से शिमला के जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पर ‘फ्लायब्ररी’ पहल को मजबूती मिली है। आरसीएस हिल क्वींस क्लब ने शिमला के जुब्बरहट्टी एयरपोर्ट पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया को 128 किताबें और मैगजीन भेंट कर इस अनूठी मुहिम में योगदान दिया।
यह पहल केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री द्वारा शुरू किए गए ‘फ्लायब्ररी’ कॉन्सेप्ट का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य यात्रियों में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देना है। इसके तहत एयरपोर्ट पर एक विशेष रीडिंग कॉर्नर तैयार किया जा रहा है, जहां यात्री अपनी यात्रा के दौरान किताबों का आनंद ले सकेंगे।
रोटरी क्लब की ओर से इस पहल को और खास बनाते हुए हर किताब में कस्टम बुकमार्क भी लगाए गए, ताकि पाठकों को पढ़ने के लिए प्रेरित किया जा सके। क्लब ने नागरिक उड्डयन विभाग के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी हस्ताक्षरित किया है, जिसके तहत समय-समय पर इस ‘फ्लायब्ररी’ के लिए नई किताबें उपलब्ध करवाई जाएंगी।
क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन पूजा गोयल ने बताया कि भविष्य में इस पहल के औपचारिक उद्घाटन के लिए क्लब को आमंत्रित किया जाएगा और वे इस राष्ट्रीय अभियान में निरंतर भागीदारी निभाएंगे। इस अवसर पर रोटेरियन डॉ. अनीता शर्मा, शिवानी कंवर, पूर्व अध्यक्ष सुरभि करोल सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

