शिमला, 10 मई 26 (RHNN) : शिमला के टुटू स्थित श्मशानघाट परिसर में निर्माणाधीन 21 फीट ऊंची महाकाल प्रतिमा की प्रगति को लेकर रविवार को धर्मार्थ एवं श्मशानघाट विकास सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सभा के संरक्षक अधिवक्ता दिवाकर देव शर्मा ने की। बैठक में प्रतिमा निर्माण की भौतिक और वित्तीय प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य पर संतोष जताया गया। सभा के महासचिव उत्तम सिंह कश्यप ने बताया कि उड़ीसा के मूर्तिकार पिछले चार महीनों से प्रतिमा निर्माण में जुटे हैं और अब तक करीब 15 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि आगामी एक महीने में प्रतिमा निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में मुख्यमंत्री की ऐच्छिक निधि से स्वीकृत 10 लाख रुपये से प्रवेश द्वार, सीढ़ियां, पानी का टैंक, योग स्थल, पौधरोपण और परिसर के सौंदर्यीकरण कार्य कराने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में सभा पदाधिकारियों सहित स्थानीय व्यापारी और मूर्तिकार निर्मल जैना उपस्थित रहे।

