शिमला, 13 मई 26 (RHNN) : मंडी नगर निगम चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने वार्ड नंबर-8 से नीम दासी, वार्ड नंबर-9 से विनय शर्मा और वार्ड नंबर-10 से सुषमा कुमारी के पक्ष में लोगों से समर्थन मांगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी के भाइयों-बहनों से मिले अपार स्नेह और समर्थन से वह अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि जनता का उत्साह कांग्रेस के संकल्प को और अधिक मजबूत कर रहा है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मंडी की जनता के साथ भाजपा नेताओं ने बार-बार छल किया है। अब नगर निगम चुनाव में लोग भाजपा को सबक सिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मुख्यमंत्री ने जनसंपर्क अभियान के दौरान सभी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है।

