शिमला,22 मई 26 (RHNN) : शिमला में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने फीस वृद्धि और परीक्षा सुधार को लेकर सहायक परीक्षा नियंत्रक कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन में 150 से अधिक छात्र शामिल हुए और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। इकाई मंत्री सुशील शर्मा ने कहा कि लंबे अंतराल के बाद की गई फीस वृद्धि गरीब व मध्यम वर्ग पर बोझ है।
छात्रों ने मांग की कि सेमेस्टर परीक्षाओं में कम से कम दो दिन का अंतराल दिया जाए और री-अपीयर परीक्षाएं नियमित परीक्षाओं के बाद हों। छात्रों ने यह भी कहा कि एक ही दिन में दो परीक्षाएं होने से तैयारी प्रभावित होती है। हाउस एग्जाम में उत्तरपुस्तिका स्वयं खरीदनी पड़ रही है जिसे छात्र अव्यवस्था बता रहे हैं। प्रदर्शन के अंत में चेतावनी दी गई कि मांगें नहीं मानी गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। संगठन ने प्रशासन को मांगें जल्द पूरा करने की चेतावनी भी दी अन्यथा आंदोलन होगा।

