शिमला,27 मई 26 (RHNN) : राजधानी शिमला में किडनी मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अब डायलिसिस के लिए मरीजों को केवल आईजीएमसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। अटल सुपर स्पेशलिटी चिकित्सालय चमियाना में बुधवार से डायलिसिस सेवा शुरू हो गई है और पहली डायलिसिस प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर शर्मा ने बताया कि आईजीएमसी में पहले से डायलिसिस सुविधा चल रही है, लेकिन मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण वहां काफी दबाव रहता था। ऐसे में चमियाना अस्पताल में यह सेवा शुरू होने से अब मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा और लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को सबसे अधिक फायदा होगा। कई मरीजों को डायलिसिस के लिए बार-बार आईजीएमसी आना पड़ता था, जिससे उन्हें परेशानी और अतिरिक्त खर्च का सामना करना पड़ता था। अब चमियाना अस्पताल में भी आधुनिक डायलिसिस सुविधा मिलने से स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी। डॉ. सुधीर शर्मा ने बताया कि अस्पताल में चरणबद्ध तरीके से अन्य सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। उद्देश्य यह है कि लोगों को राजधानी में ही बेहतर और आधुनिक उपचार सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें।

