शिमला,06 जून 26 (RHNN) : सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र की राजकीय प्राथमिक पाठशाला नाया में शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों ने सरकार और शिक्षा विभाग से गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में 36 बच्चे अध्ययनरत हैं, लेकिन पूरे स्कूल का जिम्मा केवल एक शिक्षक के कंधों पर है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार पहले स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या कम थी, लेकिन ग्रामीणों के प्रयासों से करीब 20 बच्चों को निजी स्कूलों से निकालकर सरकारी स्कूल में दाखिला दिलाया गया। इसके बावजूद स्कूल में अतिरिक्त शिक्षक की नियुक्ति नहीं की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि एक शिक्षक के लिए सभी कक्षाओं को संभालना बेहद मुश्किल है, जिसका सीधा असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि जल्द उचित व्यवस्था नहीं की गई तो बच्चों का भविष्य प्रभावित हो सकता है। ग्रामीणों ने हिमाचल प्रदेश सरकार और शिक्षा मंत्री Rohit Thakur से स्कूल में अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की है, ताकि नाया स्कूल के 36 बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिल सके। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मांग पर कब तक कार्रवाई करता है।

