शिमला,09 जून 26 (RHNN) : अंतरराष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल के दूसरे दिन मॉल रोड पर आयोजित महानाटी आकर्षण का केंद्र रही। रंग-बिरंगे हिमाचली पारंपरिक परिधानों में सजी 320 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिला सशक्तिकरण और नशा मुक्त समाज का संदेश दिया। महिला एवं बाल विकास विभाग की इस महानाटी की थीम ‘MAA’ यानी मदर्स अगेंस्ट एब्यूज और मदर्स अगेंस्ट एडिक्शन थी।
इस मौके पर महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी ममता पॉल शर्मा ने बताया कि इस बार महानाटी को विशेष सामाजिक संदेश से जोड़ा गया। महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ हिंसा, असमानता और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प लिया गया। दूसरा प्रमुख विषय ‘मदर्स अगेंस्ट एडिक्शन’ रहा। प्रदेश में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए महिलाओं ने युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रण लिया। ममता पॉल शर्मा ने कहा कि जब महिलाएं आगे आती हैं तो समाज में बदलाव जरूर आता है। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक रेश्टा और धाटू पहनकर हिमाचली संस्कृति भी प्रदर्शित की। करीब 320 महिलाओं ने एकजुट होकर सामाजिक बुराइयों के खिलाफ मजबूत संदेश दिया।

