शिमला, 09 जुलाई(rhnn) : स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) हिमाचल प्रदेश राज्य कमेटी ने आज उच्च शिक्षा निदेशक, हिमाचल प्रदेश को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट, जिला मंडी के पुस्तकालय का नाम बदलकर “कॉमरेड सिया गुलेरिया स्मृति पुस्तकालय” रखा जाए। SFI राज्य अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने कहा कि कॉमरेड सिया गुलेरिया सरकाघाट महाविद्यालय की छात्रा और SFI की सक्रिय छात्र नेता थीं। उन्होंने छात्र हितों, शिक्षा के अधिकार, लोकतांत्रिक मूल्यों, लैंगिक समानता और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर संघर्ष किया। अप्रैल 2026 में कॉलेज जाते समय उनकी दिनदहाड़े नृशंस हत्या ने पूरे हिमाचल प्रदेश को झकझोर दिया था। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में छात्रों, युवाओं, महिलाओं और लोकतांत्रिक संगठनों ने न्याय की मांग को लेकर व्यापक आंदोलन किया।
SFI ने कहा कि किसी शैक्षणिक संस्थान के पुस्तकालय का नाम कॉमरेड सिया गुलेरिया के नाम पर रखा जाना केवल एक श्रद्धांजलि नहीं होगा, बल्कि यह शिक्षा, समानता, सामाजिक जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक संघर्ष के मूल्यों को भी सम्मान देने का कार्य होगा। इससे आने वाली पीढ़ियों के छात्रों को समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा मिलेगी। संगठन ने कहा कि यह निर्णय महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और प्रदेश में फैल रहे नशे के खतरे के विरुद्ध भी एक सशक्त सामाजिक संदेश होगा। साथ ही यह उन सभी छात्राओं के साहस और संघर्ष को सम्मानित करेगा जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा प्राप्त करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ती हैं। SFI ने उच्च शिक्षा विभाग से मांग की है कि राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट के पुस्तकालय का नाम “कॉमरेड सिया गुलेरिया स्मृति पुस्तकालय” रखने की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाए और छात्र समुदाय की इस भावनात्मक एवं न्यायसंगत मांग को जल्द स्वीकार किया जाए।

