RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

मॉल रोड पर ‘सेवन वंडर्स’ की स्थापना का विरोध, विरासत स्वरूप बनाए रखने की मांग

शिमला, 21 जुलाई (rhnn) : शिमला के ऐतिहासिक मॉल रोड पर प्रस्तावित ‘सेवन वंडर्स’ की स्थापना को लेकर शहर के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान और उपमहापौर उमा कौशल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मॉल रोड पर प्रस्तावित आधुनिक संरचनाओं को लेकर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए शिमला की ऐतिहासिक एवं विरासत पहचान को बनाए रखने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मॉल रोड शिमला की ऐतिहासिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसकी वास्तुकला एवं विरासतपूर्ण स्वरूप शहर को देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान प्रदान करता है। ऐसे में ‘सेवन वंडर्स’ जैसी आधुनिक संरचनाएं मॉल रोड के मौजूदा विरासत स्वरूप से मेल नहीं खातीं। इससे शिमला के मूल चरित्र और सौंदर्य पर भी असर पड़ सकता है।

प्रतिनिधिमंडल ने महापौर और उपमहापौर से आग्रह किया कि मॉल रोड की ऐतिहासिक पहचान और विरासत को अक्षुण्ण रखा जाए तथा इसके मूल स्वरूप के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि मॉल रोड पर कोई नई स्थापना की जानी है तो वह शिमला के इतिहास, संस्कृति और स्थानीय विरासत को प्रदर्शित करने वाली होनी चाहिए, ताकि शहर की विशिष्ट पहचान और गरिमा बरकरार रहे। इस अवसर पर डॉ. किमी सूद, पिंकू, संजीव चौहान, तरुण राणा, योगेंद्र पुंडीर और चंद्रशेखर सहित अन्य मौजूद रहे।

Related posts