शिमला, 22 जुलाई (rhnn) : टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को स्वास्थ्य निदेशालय एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) परिसर में कार्यरत कर्मचारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 125 कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान कर्मचारियों की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें की गईं। एनसीडी (NCD) स्क्रीनिंग के तहत 123 कर्मचारियों की जांच की गई, जबकि 102 कर्मचारियों के एक्स-रे, 118 कर्मचारियों की सीवाई-टीबी (CY-TB) जांच तथा 125 कर्मचारियों की सीबीसी (CBC) जांच की गई।
जांच के दौरान पांच कर्मचारियों में टीबी के संभावित लक्षण पाए जाने पर उनके NAAT (न्यूक्लिक एसिड एम्प्लीफिकेशन टेस्ट) के लिए सैंपल लिए गए, जिन्हें पुष्टि के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि टीबी मुक्त अभियान का उद्देश्य समय पर जांच, शीघ्र पहचान और प्रभावी उपचार सुनिश्चित करना है। इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों से कर्मचारियों में टीबी और अन्य बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्रारंभिक अवस्था में रोग की पहचान कर उपचार संभव हो पाता है।

