RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

एनसीसी कैटसी-244 शिविर में सांस्कृतिक प्रतिभाओं का जलवा, समापन समारोह के लिए चुनी गईं बेहतरीन प्रस्तुतियां

करसोग/शिमला, 29 जुलाई (rhnn) : पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, करसोग में 7 एचपी (आई) कंपनी एनसीसी, शिमला की ओर से आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-244) के आठवें दिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। दिनभर चले अंतरविद्यालय एवं अंतरमहाविद्यालय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों से पहुंचे कैडेटों ने लोकनृत्य, समूह गान, एकल गायन सहित अन्य प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

शिविर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आकाश सिंघा ने प्रतिभागी कैडेटों की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण और अनुशासन का मंच नहीं है, बल्कि यह युवाओं में सांस्कृतिक, सामाजिक और नेतृत्व क्षमता के समग्र विकास का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने शिविर स्टाफ, एएनओ, पीआई स्टाफ और सभी कैडेटों की मेहनत, अनुशासन एवं टीम भावना की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी।

इस दौरान शुक्रवार को आयोजित होने वाली भव्य सांस्कृतिक संध्या एवं पुरस्कार वितरण समारोह के लिए उत्कृष्ट प्रस्तुतियों का चयन भी किया गया। चयनित प्रतिभागी समापन समारोह में अपनी प्रस्तुति देंगे, जबकि विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। पूरे दिन शिविर परिसर उत्साह, जोश और देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कैडेटों की ऊर्जा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

Related posts