शिमला, 03 अगस्त (rhnn) : हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड पेंशनर फोरम, शिमला की मासिक बैठक सोमवार को आशियाना में फोरम के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता ई. वेदराज गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शिमला जिला के करीब 40 पेंशनरों ने भाग लिया और लंबे समय से लंबित वित्तीय देयों के भुगतान में हो रही देरी पर गहरा रोष जताया। बैठक में महासचिव टी.आर. गुप्ता और सचिव चेतराम शर्मा ने पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद 1 जनवरी 2016 से 31 मार्च 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों को लीव एनकैशमेंट, ग्रेच्युटी और कम्यूटेड पेंशन का पूरा भुगतान अब तक नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि भुगतान केवल सितंबर 2025 तक ही हुआ है, जबकि शेष राशि लंबित होने से पेंशनरों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे की भी मांग उठाई गई। फोरम ने प्रस्ताव पारित कर बिजली बोर्ड के चेयरमैन से केंद्रीय कार्यकारिणी के साथ बैठक बुलाने का आग्रह किया, ताकि लंबित मांगों पर समाधान निकाला जा सके। फोरम के प्रेस सचिव अमर सिंह भलैक ने कहा कि सरकार और बोर्ड प्रबंधन की ओर से पेंशनरों की लगातार उपेक्षा दुर्भाग्यपूर्ण है तथा सभी लंबित वित्तीय लाभों का शीघ्र भुगतान किया जाना चाहिए।c

