शिमला, 10 अगस्त (rhnn) : सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता और उचित कचरा निस्तारण को बढ़ावा देने की दिशा में रोटरी क्लब हिल क्वींस ने पहल की है। क्लब की ओर से सोमवार को पुलिस ग्राउंड भराड़ी में पहियों वाले तीन मूवेबल डस्टबिन उपलब्ध करवाए गए। ये डस्टबिन वार्ड नंबर-1 की पार्षद मीनू चौहान के आग्रह पर लगाए गए हैं। रोटरी क्लब हिल क्वींस की इस पहल का उद्देश्य पुलिस ग्राउंड और इसके आसपास के सार्वजनिक क्षेत्र में कूड़ा-कचरा खुले में फेंकने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। पहियों वाले डस्टबिन होने के कारण इन्हें आवश्यकता के अनुसार आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा सकेगा।
इस अवसर पर रोटरी क्लब हिल क्वींस की ओर से पीई रोटेरियन अब्बू अरोड़ा और क्लब अध्यक्ष रोटेरियन हरप्रीत सेम्बी मौजूद रहे। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। छोटे-छोटे प्रयास भी शहर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। क्लब अध्यक्ष हरप्रीत सेम्बी ने इस अवसर के लिए वार्ड नंबर-1 की पार्षद मीनू चौहान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब भविष्य में भी जनहित और स्वच्छता से जुड़े कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान देता रहेगा।

