शिमला, 18 अगस्त (rhnn) : बरसात के मौसम में खराब मौसम के बीच भी शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने वाले सफाई कर्मचारियों के सम्मान और सुविधा के लिए रोटरी क्लब शिमला ने सराहनीय पहल की है। क्लब की ओर से बेनमोर वार्ड के डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं सफाई कर्मचारियों को रेनकोट और गमबूट वितरित किए गए। बेनमोर वार्ड की पार्षद शीनम कटारिया ने रोटरी क्लब शिमला का आभार जताते हुए कहा कि सफाई कर्मचारी बारिश और खराब मौसम की परवाह किए बिना पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करते हैं। ऐसे में रोटरी क्लब की ओर से उन्हें रेनकोट और गमबूट उपलब्ध करवाना एक संवेदनशील और सराहनीय पहल है। इससे कर्मचारियों को बरसात के दौरान काम करने में सुविधा मिलेगी और उनका मनोबल भी बढ़ेगा।
उन्होंने विशेष रूप से रोटरी क्लब शिमला के अर्जुन गोयल और पूरी एग्जीक्यूटिव टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद और मेहनतकश वर्ग के प्रति इस तरह का सहयोग सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतर उदाहरण है। शीनम कटारिया ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी मेहनत और सेवाओं का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बेनमोर वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम और सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता कर्मियों का सम्मान केवल उनका सम्मान नहीं, बल्कि स्वच्छ और बेहतर शिमला के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। समाज के सभी वर्गों के सहयोग से ही स्वच्छ और सुंदर शिमला का सपना साकार किया जा सकता है।”

