शिमला, 21 अगस्त (rhnn) : इनर व्हील क्लब ऑफ शिमला ने शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) अनाडेल को इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम (ECG) मशीन भेंट की। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ हृदय संबंधी बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार में मदद करना है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस के सलाहकार एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के ट्रेडिंग बोर्ड के निदेशक मलकीत सिंह मुख्य अतिथि रहे। कैथू वार्ड की पार्षद कांता सूयल और आनंदेल वार्ड की पार्षद उर्मिला कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इनर व्हील क्लब ऑफ शिमला की अध्यक्ष डॉ. कुशा पंडित चावला ने कहा कि हृदय संबंधी समस्याओं में समय पर जांच बेहद महत्वपूर्ण है। नई ECG मशीन से मरीजों की जांच जल्द हो सकेगी और हृदय रोगों की शुरुआती अवस्था में पहचान करने में मदद मिलेगी।
पीएचसी आनंदेल की चिकित्सक डॉ. अभिलाषा ने कहा कि सीने में दर्द और हृदय संबंधी आपात स्थितियों में त्वरित एवं सटीक जांच आवश्यक होती है। ECG मशीन उपलब्ध होने से मरीजों को जांच के लिए अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में जाने की आवश्यकता कम होगी तथा केंद्र की दैनिक जांच क्षमता भी बढ़ेगी। मशीन क्लब सदस्यों अश्मिता शुक्ला और तरनजीत कौर भोगल के सहयोग से उपलब्ध करवाई गई। इस अवसर पर क्लब की ओर से अस्पताल परिसर में पौधे भी लगाए गए। साथ ही मरीजों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य संबंधी पोस्टर लगाए गए, जिनमें बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार को लेकर जानकारी दी गई। स्वास्थ्य केंद्र में बनाए जा रहे रिहैबिलिटेशन सेंटर के परिसर में क्लब सदस्यों ने ‘Say No to Drugs’ के संदेश वाले पोस्टर भी लगाए। इनका उद्देश्य मरीजों और आगंतुकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, नशामुक्ति की दिशा में प्रोत्साहित करना और जरूरतमंद लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता लेने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में क्लब की उपाध्यक्ष सोनिया अरोड़ा, सचिव अश्मिता शुक्ला, संयुक्त सचिव प्रियंका वत्स, कार्यकारी सदस्य रवीना जियानदानी और सदस्य तरनजीत कौर भोगल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

