शिमला, 30 अगस्त (rhnn) : शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज उपमंडल कोटखाई के अंतर्गत ग्राम पंचायत रावलाक्यार में 4 करोड़ रुपये की लागत से स्त्रोन्नत होने वाले थाना संपर्क मार्ग के उन्नयन कार्य का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने 77वें वन महोत्सव के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रावलाक्यार के प्रांगण में पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों की श्रृंखला में थाना संपर्क मार्ग का उन्नयन एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के उन्नयन से थाना सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से अधिक के कार्यकाल के दौरान विधानसभा क्षेत्र में संतुलित, सम्यक एवं सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं। इसके परिणामस्वरूप जुब्बल-नावर-कोटखाई में अब तक 186 नई सड़कों की सफल पासिंग हो चुकी है और यह प्रक्रिया निरंतर जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष के अंत तक नई सड़कों की पासिंग का आंकड़ा 200 को पार कर जाएगा।
रोहित ठाकुर ने कहा कि कोटखाई क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विकास भवन कोटखाई इसका प्रमुख उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह भवन पिछले 15 वर्षों से लंबित था, जिसे वर्तमान सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया है। यह बहुउद्देश्यीय भवन स्थानीय लोगों को एक ही छत के नीचे विभिन्न सरकारी सुविधाएं उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रगतिनगर स्थित तकनीकी शिक्षा संस्थान क्षेत्र का प्रमुख तकनीकी शिक्षण संस्थान है, जहां करीब 1200 विद्यार्थी विभिन्न विषयों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। संस्थान के उन्नयन के लिए 110 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति एवं वित्तीय अनुमोदन प्राप्त हुआ है, जिसमें वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2023 में 45 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई थी। संस्थान में रोजगारपरक नए पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में आईटीआई भवन, छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुम्मा के भवन सहित विभिन्न निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि इंजीनियरिंग कॉलेज गुम्मा में 104 करोड़ रुपये की लागत से आधारभूत संरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है। संस्थान में विभिन्न भवनों का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर प्रदान करने के लिए नए एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रम भी शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि संस्थान में ईसीई डिप्लोमा पुनः शुरू किया गया है, जिसे वर्ष 2021 में छात्रों की कम संख्या के कारण बंद कर दिया गया था। आईटीआई गुम्मा में इलेक्ट्रिक वाहन विषय में पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। इसी वर्ष से बीटेक सिविल इंजीनियरिंग तथा इसी शैक्षणिक सत्र से सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा भी शुरू किया गया है। इसके अतिरिक्त सोलर टेक्नीशियन एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और इन्हें शीघ्र शुरू किया जाएगा। रोहित ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री आदर्श स्वास्थ्य संस्थान कोटखाई स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं आदर्श संस्थान के रूप में उभर रहा है। यहां मेडिसिन, गायनी, नेत्र, बाल रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि संस्थान में 28 लाख रुपये की लागत से अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की गई है, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो रही हैं। 77वें वन महोत्सव के अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रावलाक्यार के प्रांगण में पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बढ़ती जनसंख्या, निजी स्वार्थ एवं असंतुलित विकास के कारण प्रकृति पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते तापमान जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण को जन-अभियान का रूप देना आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री एवं अन्य उपस्थित लोगों ने 80 देवदार के पौधे रोपे। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए ये पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर धरती को जल, छाया और स्वच्छ वायु प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण एवं सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण कार्य है। वेदों और पुराणों में भी वृक्षों को अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रकृति एवं पर्यावरण का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम से प्रभावित होकर उन्होंने 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंदर मेहता, जिला परिषद सदस्य रेखा चौहान, पंचायत समिति अध्यक्ष कोटखाई विजया राजटा, कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के निदेशक देविंदर नेगी, स्थानीय पंचायत प्रधान देवराज चौहान, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता लायकराम ओस्टा, उपप्रधान राकेश, सुनील राजटा, बीडीसी उपाध्यक्ष, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक काल्टा, एसडीएम जुब्बल-कोटखाई गुरुमीत नेगी, मंडल वन अधिकारी ठियोग, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

