RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

ठियोग हिंसक झड़प मामले में पांच और गिरफ्तार, अब तक 21 आरोपी दबोचे

शिमला, 02 सितंबर (rhnn) : ठियोग क्षेत्र में 15 और 16 अगस्त को दो गुटों के बीच हुए विवाद और आपसी झड़प के मामले में पुलिस ने पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही घटनाक्रम से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। पुलिस ने मंगलवार को एफआईआर नंबर 115/2026 में राज कुमार उर्फ आशू कांगड़िया, रजत झाल्टा और रितिक शर्मा को गिरफ्तार किया। इस मामले में पहले ही चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। अब इस मामले में कुल सात गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। वहीं, एफआईआर नंबर 117/2026 में आशीष उर्फ आशू और वरुण चंदेल को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में पहले नौ आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके थे। अब कुल 11 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राज कुमार उर्फ आशू कांगड़िया का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 से 2026 तक ठियोग समेत विभिन्न थानों में मारपीट, धमकी, धोखाधड़ी, सरकारी कार्य में बाधा और हथियारों से जुड़े कुल 12 मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार ठियोग घटनाक्रम से जुड़े एफआईआर नंबर 114/2026, 115/2026 और 117/2026 में अब तक क्रमशः तीन, सात और 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है।

Related posts