शिमला, 09 सितंबर (rhnn) : निशाना साधने के साथ एकाग्रता, अनुशासन और आत्म नियंत्रण की परीक्षा… इंदिरा गांधी खेल परिसर शिमला में बुधवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय शूटिंग चैंपियनशिप का आगाज हुआ। राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध 21 महाविद्यालयों के 110 निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 66 छात्र और 44 छात्राएं शामिल हैं।
प्रतियोगिता का शुभारंभ राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला की प्राचार्या डॉ. अनुरीता सक्सेना ने बतौर मुख्य अतिथि किया। उन्होंने कहा कि शूटिंग महज खेल नहीं, बल्कि एकाग्रता, अनुशासन, धैर्य और आत्म नियंत्रण का संगम है। निशानेबाज जब लक्ष्य साधता है तो उसकी सांस, धड़कन और आंखें एक ही लक्ष्य पर केंद्रित होती हैं। यही फोकस जीवन में सफलता की राह भी आसान करता है।
उन्होंने कहा कि चैंपियनशिप में छात्राओं की भागीदारी उत्साहजनक है। बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेडल से अधिक महत्वपूर्ण खेल और खेल भावना है। इस अवसर पर सूर्य प्रताप सिंह बांशटु, पर्यवेक्षक प्रो. विक्रांत, अंतरराष्ट्रीय क्वालिफाइड जज रविंद्र कुमार, राइफल एसोसिएशन के पदाधिकारी और विभिन्न महाविद्यालयों के टीम प्रभारी मौजूद रहे।

