RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

संकट की घड़ी में घबराएं नहीं, 112 पर दें सूचना

शिमला, 15 अक्टूबर (rhnn) अचानक कोई हादसा हो जाए, आग लग जाए या किसी को तत्काल पुलिस, चिकित्सा अथवा अन्य आपात सहायता की जरूरत पड़े तो मदद के लिए भटकने के बजाय 112 पर कॉल की जा सकती है। इसी संदेश के साथ बुधवार को चेल्सी स्कूल शिमला में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। हिमाचल प्रदेश की आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली की पांच सदस्यीय टीम ने लोगों को संकट की स्थिति में त्वरित मदद हासिल करने की प्रक्रिया समझाई। शिविर में खासतौर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि आपात स्थिति में सही समय पर दी गई सूचना किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। टीम ने 112 के जरिए पुलिस, अग्निशमन, महिला सुरक्षा, बाल सहायता और चिकित्सा आपातकालीन सेवाओं तक पहुंचने की जानकारी दी। कार्यक्रम में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ भी विद्यार्थियों और अभिभावकों को जागरूक किया गया। चिट्टा समेत अन्य मादक पदार्थों की बिक्री या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी होने पर संबंधित सूचना देने के लिए प्रोत्साहित किया गया। टीम ने स्पष्ट किया कि समय पर सूचना मिलने से ऐसी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई में मदद मिल सकती है।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान मोबाइल फोन में 112 इंडिया ऐप डाउनलोड करने और इसके माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं का प्रदर्शन भी किया गया। टीम ने ऐप में स्थान संबंधी जानकारी उपलब्ध होने और आपात स्थिति में सहायता लेने की प्रक्रिया को व्यावहारिक तरीके से समझाया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश की आपातकालीन सेवा की राष्ट्रीय रैंकिंग में उपलब्धि की जानकारी भी साझा की गई। बताया गया कि सेवा ने पिछले वर्ष के 34वें स्थान से सुधार करते हुए इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। शिविर का मुख्य संदेश यही रहा कि आपात स्थिति में घबराने के बजाय सही माध्यम से सूचना देना और आसपास की संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सजग रहना सामुदायिक सुरक्षा में अहम भूमिका निभा सकता है।

Related posts