शिमला-29 अप्रैल (RHNN) : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की नई अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के पद ग्रहण समारोह को बड़े जश्न के तौर पर मनाया जाएगा। एक-दो दिन के भीतर प्रतिभा सिंह अपनी नियुक्ति के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का आभार जताने नई दिल्ली जाएंगी। यहां से लौटते वक्त प्रदेश के प्रवेश द्वार परवाणू से ही स्वागत समारोह शुरू होंगे। राजधानी शिमला के चौड़ा मैदान में रैली के बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रतिभा सिंह पदभार संभालेंगी। प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारियों का बिगुल फूंकने के लिए कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष के पदभार ग्रहण औपचारिकता को समारोह के तौर पर मनाने का फैसला लिया है। इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी सहित कई राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को बुलाने की योजना बनाई गई है। मई के पहले सप्ताह में प्रतिभा सिंह अध्यक्ष का पद ग्रहण कर सकती हैं। सभी नवनियुक्त पदाधिकारी इस दौरान मौजूद रहेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की बीते दिनों प्रदेश में हुई रैलियों का जवाब भी इस समारोह के माध्यम से दिया जाएगा। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में पार्टी नेता जुट गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह के गुट को संगठित करते हुए प्रदेश में पार्टी के सभी धड़ों को इस कार्यक्रम के माध्यम से एक मंच पर लाकर एकजुटता का संदेश भी देने का प्रयास भी कांग्रेस करेगी।