RHNN
क्राइम लोकमंच

मां और बेटे की मौत, दो घायल ,हमीरपुर में जमीन के विवाद में चलीं गोलियां

हमीरपुर-07 जनवरी (rhnn) : सुजानपुर के बीड़ बगेहड़ा गांव में दो परिवारों के बीच चल रहा जमीन का विवाद शुक्रवार को सनसनीखेज घटना के रूप में सामने आया। इस विवाद से जुड़े एक पक्ष के व्यक्ति ने दूसरे परिवार के चार लोगों पर गोलियां चला दीं। घटना में मां और बेटे की मौत हो गई। जबकि, मृतक महिला का पति और बहू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों गंभीर घायलों को सिविल अस्पताल सुजानपुर में प्राथमिक उपचार के बाद हमीरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम यह गोलीकांड हुआ। गोलीकांड में घायल हुए अजीत सिंह (66) ने बताया कि उनकी पत्नी विमला देवी (59) अपने खेत से मिर्ची तोड़ रही थी।इसी दौरान उनका पड़ोसी चंचल सिंह अचानक मौके पर पहुंच गया। आरोप लगाया कि चंचल सिंह उसकी पत्नी पर गोली चला दी। गोली लगने से वह घायल होकर नीचे गिर गई। घायल अजीत सिंह ने पुलिस को जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि गोलीबारी की आवाज सुनकर उनका बेटा करण उर्फ लकी (36) कमरे से बाहर आया तो उस पर भी चंचल ने गोली चला दी। बाद में बहू ममता (32) और अजीत सिंह को भी आरोपी ने गोली मारी। जिससे वह सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने तत्काल निजी वाहन से घायल पत्नी, बेटे तथा बहू को सुजानपुर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों में लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा है, जिसके चलते यह मामला सामने आया है। पता चला है कि एसडीएम कार्यालय सुजानपुर में भी यह विवाद लंबित है। बताया कि खुद घटनास्थल पर पहुंचकर उन्होंने घटना से जुड़े तथ्यों और जानकारी को जुटाकर अधीनस्थ अधिकारियों को मामले की जांच के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

Related posts