RHNN
Uncategorized लोकमंच

भाजपा अध्यक्ष का कार्यकाल जून में होगा पूरा

शिमला-15 जनवरी (rhnn) : हिमाचल प्रदेश में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप का तीन साल का कार्यकाल इसी साल जून में पूरा होगा। वह लोकसभा चुनाव तक बने रहेंगे या हटेंगे, अभी इस बारे में संशय बना हुआ है। राज्य में भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू हो चुका है। अब बूथ और मंडल स्तर पर चुनाव की तिथियां भी जल्दी घोषित की जाएंगी। हिमाचल में भाजपा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की तर्ज पर पांच साल बाद सत्ता बदलने का रिवाज नहीं बदल पाई। राज्य विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप थे। सुरेश कश्यप शिमला लोकसभा सीट से सांसद भी हैं। उनका तीन साल का निर्धारित सेवाकाल पूरा होने जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर जिस तरह से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के फिर से अध्यक्ष बने रहने की संभावना बनी हुई है, ठीक वैसे ही प्रदेश के बारे में भी कयास लगाए जा रहे हैं कि सुरेश कश्यप भी प्रदेशाध्यक्ष पद पर बने रह सकते हैं। प्रदेश में सत्ताच्युत होने के बावजूद जिस तरह से पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भाजपा विधायक दल का नेता बनाया गया है, ठीक वैसे ही सुरेश कश्यप भी अध्यक्ष बने रह सकते हैं। वर्ष 2024 में प्रस्तावित लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा शायद ही अध्यक्ष को बदले।

Related posts