शिमला-06 मई (rhnn) : लोकनिर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि शिमला नगर निगम चुनाव एक तरह का हिमाचल का मिनी चुनाव है। इस चुनाव में कांग्रेस को मिला जनादेश एक तरह का सरकार को रेफरेंडम मिला है और इसमें सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार डिस्टिंक्शन के साथ पास हुई है। वे शनिवार को यहां मीडिया से बातचीत कर रहे थे। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नगर निगम चुनाव कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में लड़े गए। इसमें जनता ने सरकार की नीतियों और कार्यों पर मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि यह एक तरह रेफरेंडम है, जिसमें सरकार को अच्छे अंक मिले हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव खत्म हो गए हैं और अब सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर चुनावों को लेकर सरकार और चुनाव आयोग पर टिप्पणियां कर रहे हैं। उनको इस तरह की बातें न कहकर जनादेश को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा पहले विधानसभा में और अब नगर निगम शिमला में भी विपक्ष में बिठाया है। ऐसे में वह टिका टिप्पणी करने के बजाए जनादेश को स्वीकार करे।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य सरकार का मानना है कि उसको केंद्र के सहयोग की जरूरत है और भाजपा को भी सरकार के साथ केंद्र से हिमाचल का पक्ष रखना चाहिए उन्होंने कहा कि भाजपा का नारा है कि सबका साथ और सबका विकास। इस नारे पर अमल करते हुए विपक्ष के नेताओं को सरकार और मुख्यमंत्री का साथ देकर केंद्र से फंडिंग की बात करनी चाहिए। यह प्रदेश हितमें होगा। लोकनिर्माण मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने भाजपा की तरह वादे इन चुनावों में नहीं किए, लेकिन जो भी वादे किए हैं उनको पूरा किया जाएगा। फिर चाहे शहर में युवाओं के लिए नशा मुक्ति केंद्र और फिटनेस सेंटर खोलने की बात हो या बुजुर्गों के लिए वेलनेस सेंटर की बात हो। उन्होंने कहा कि सरकार शहर में अच्छी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। इसके लिए एक ओर जहां कोलडैम से पानी की स्कीम को जल्द पूरा किया जाएगा, वहीं रोहड़ू से शिमला के लिए प्रस्तावित पानी की स्कीम पर भी काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिमला में पार्किंग की सुविधा बढ़ाने का भी काम किया जाएगा। इसी तरह शिमला के लिए मंजूर 1546 करोड़ के रोपवे प्रोजेक्ट को लेकर केंद्र सरकार से बात की जाएगी, जिससे यह सुचारू रूप से चल सके।
विक्रमादित्यसिंह ने कहा कि उनके विधानसभा हल्के तहत आने वाले चारों वार्डों में कांग्रेस जीती है। इसके लिए वे यहां के मतदाताओं के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि जो भी वादे सरकार की ओर से किए गए हैं उनको सभी मिलकर पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि विधायक होने के नाते वे नगर निगम के सदन के हिस्सा हैं और एमसी बैठक में भी शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि सदन में जो भी मुद्दे उनके विभाग से संबंधित होंगे, उनको पूरा करना का प्रयास किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस लगातार जीत रही है, पहले उप चुनाव हुए और फिर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जीती। अब तीसरे चुनाव एमसी में भी कांग्रेस दो तिहाई से जीती है। उन्होंने कहा कि बाहरी लोगों के वोटों के सवाल पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जिन लोगों ने वोट दिए हैं वो यहां रह रहे हैं। इसका चुनाव आयोग ने प्रावधान रखा है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव का एक संदेश पूरे देश को गया है। इससे पार्टी कैडर में ताकत आएगी। सेब को लेकर विभाग की तैयारियों पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अधिकारियों को सेब बहुल इलाकों में सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। विक्रमादित्य सिंह ने महिलाओं को बड़े पद देने के लिए पैरवी करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि इस बार नगर निगम के सदन में 34 में से 21 महिलाएं पार्षद के रूप में पंहुची है। इनमें 14 कांग्रेस की है और वे स्वयं कांग्रेस पार्टी के चुनाव निशान पर जीती हुई महिला पार्षद को निगम में बड़े पद के लिए पैरवी करेंगे।