शिमला-13 मई (rhnn) : कर्नाटक चुनाव की थकान मिटाने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी थकान मिटाने छराबड़ा में अपने घर पहुंची थी। अमूमन गांधी परिवार का दौरा निजी रहता है, लेकिन शनिवार को कर्नाटक के चुनावी नतीजों से प्रियंका गांधी बेहद ही उत्साहित नजर आई। खास बात ये रही कि प्रियंका गांधी न ही प्रोटोकॉल और न ही सुरक्षा को लेकर चिंतित थी। यह अलग बात है कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शाम 4 बजे के बाद ये जानकारी सामने आई थी कि प्रियंका गांधी कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर कांग्रेस की जीत में शामिल हो सकती हैं। शाम 6 बजे के बाद प्रियंका गांधी मालरोड पर स्थित इंडियन कॉफी हाउस पहुंची। इससे पूर्व मालरोड पर मौजूद लोगों से भी बातचीत करती नजर आई।
बता दें कि चुनाव की मतगणना शुरू होने से पहले प्रियंका गांधी सुबह हनुमान जी के प्राचीन जाखू मंदिर भी पहुंची थी। मंदिर में भी प्रियंका गांधी ने प्रशंसकों को सेल्फी से इंकार नहीं किया था। चुनावी नतीजों के बाद प्रियंका गांधी ने राजीव भवन पहुंचकर मीडिया से बात की। इस दौरान मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चौहान व विक्रमादित्य सिंह के अलावा कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी नजर आई।
प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल के बाद कर्नाटक ने साबित कर दिया है कि ध्यान भटकाने वाली राजनीति नहीं चलेगी। कर्नाटक की जनता ने अपना ध्यान स्थानीय मुद्दों पर केंद्रित रखा, साथ ही ये प्रण लिया था कि भ्रष्ट सरकार को हटाना है।प्रियंका गांधी ने कहा कि जनता ने दिखाया है कि देश में एक अलग तरह की राजनीति उभर सकती है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के हिमाचल की राजधानी में मौजूद होने की वजह से राज्य में भी उत्सव का माहौल पैदा हुआ है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे व पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा गया था।प्रियंका गांधी ने कहा कि राहुल गांधी ने कर्नाटक से यात्रा शुरू की थी, इस दौरान वो 91 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरे। कांग्रेस ने 91 विधानसभा क्षेत्रों में से 75 प्रतिशत पर जीत हासिल की है। प्रियंका गांधी ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास के कारण जीत मिली है।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सांसद व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के साथ आज शिमला के ऐतिहासिक माल रोड में चहलकदमी की। प्रियंका गांधी ने इस अवसर पर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनके साथ सेल्फी भी ली। प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायकगण और कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी उनके साथ थे।