RHNN
Uncategorized ट्रेंडिंग न्यूज़ धर्म-संस्कृति लोकमंच

राज्यपाल और मुख्यमंत्री की दशहरा उत्सव पर प्रदेशवासियों को बधाई

शिमला-23 अक्टूबर (rhnn) : दशहरा के पर्व का हिंदू धर्म में बहुत महत्व है। रावण दहन का यह कार्यक्रम लोगों को एकजुट करता है, क्योंकि इसके दर्शक न कि केवल हिंदू धर्म से बल्कि सभी धर्म के लोग होते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि दशहरा हमें सिखाता है कि अच्छाई हमेशा बुराई को मात देती है और प्रकाश हमेशा अंधेरे पर विजय प्राप्त करता है।

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दशहरा उत्सव के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। राज्यपाल ने कहा कि दशहरा उत्सव बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने भी प्रदेश के लोगों को दशहरा उत्सव के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं और कामना की है कि यह उत्सव प्रदेश के लोगों के जीवन में प्रसन्नता, शांति एवं खुशहाली लाएगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दशहरे के शुभ अवसर पर श्री हनुमान मंदिर जाखू में पूजा-अर्चना की और प्रदेश की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन भी किया।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, स्थानीय विधायक हरीश जनारथा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, नगर निगम शिमला के पार्षदगण, उपायुक्त आदित्य नेगी, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी और अन्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित रहे।

शिमला के संकट मोचन हनुमान मंदिर, नाभा, बालूगंज, टूटू में दशहरा उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया।

Related posts