शिमला-09 दिसंबर (rhnn) : प्रवासी हिमाचलियों के न्यौते पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अगले सप्ताह दुबई जा सकते हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू हिमाचल में टूरिज्म सेक्टर में इन्वेस्टमेंट लाने के मकसद से UAE जा रहे हैं। फिलहाल उनके 13 से 16 दिसंबर तक दुबई जाने की चर्चा है। मगर, अभी केंद्र से इसकी क्लियरेंस मिलनी है। केंद्र की हरी झंडी के बाद ही मुख्यमंत्री अधिकारियों सहित UAE जाएंगे।
मुख्यमंत्री सुक्खू के साथ हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) के वाइस चेयरमैन रघुवीर सिंह बाली,सीएम के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, प्रिंसीपल सेक्रेटरी टू सीएम भरत खेड़ा, एमडी हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम रोहन चंद ठाकुर, डायरेक्टर टूरिज्म मानसी सहाय और सीएम के प्राइवेट सेक्रेटरी विवेक भाटिया UAE जा सकते हैं।
उधर, आरएस बाली से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के मकसद से UAE का टूर प्रस्तावित है। मगर, अभी क्लियरेंस की जानकारी नहीं है। हिमाचल सरकार टूरिज्म को बढ़ावा देने के प्रयास कर रही है। कांगड़ा को टूरिज्म कैपिटल बनाया जा रहा है। दुबई जाकर पर्यटन क्षेत्र में निवेश को लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हिमाचल में पर्यटन की अपार संभावनाएं है। इसे देखते हुए यह टूर प्लान किया जा रहा है। वहीं इसे भरत खेड़ा से बात की गई तो उन्होंने इस टूर की क्लियरेंस की उन्हें जानकारी नहीं है।
बता दें कि बीते 28 सितंबर को UAE में बसे प्रवासी हिमाचलियों का एक प्रतिनिधिमंडल शिमला में मुख्यमंत्री से मिला था। उस दौरान मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से UAE में बसे प्रवासी हिमाचलियों से संवाद करके टूरिज्म में इन्वेस्टमेंट का आवाह्न किया था और उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू को दुबई आने का न्यौता दिया था। इसके बाद यह टूर प्लान किया गया।