शिमला , 05 दिसंबर 25 (RHNN): जयपुर, राजस्थान में जारी खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय मंच पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। एथलीटों ने अपने अदम्य साहस, बेहतरीन खेल कौशल और अनुशासित प्रदर्शन से पूरे प्रदेश को गर्वान्वित किया। 200 मीटर स्पर्धा में समृति जामवाल ने अपने लाजवाब फॉर्म को बरकरार रखते हुए सभी प्रतिस्पर्धियों को पीछे छोड़ स्वर्ण पदक पर कब्ज़ा जमाया। वहीं 100 मीटर रेस में भी समृति ने उम्दा गति का परिचय देते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
लॉन्ग जंप में अमन सिंह ने 7.29 मीटर की बेहतरीन छलांग लगाकर कांस्य पदक अपने नाम किया और विश्वविद्यालय की मेडल लिस्ट में महत्वपूर्ण इजाफा किया। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने एथलीटों, कोचों व खेल विभाग को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने साबित किया है कि विश्वविद्यालय प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। कुलपति ने यह भी बताया कि भविष्य में खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और खिलाड़ियों के समग्र विकास के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन सतत प्रयास करता रहेगा।

