RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

कांग्रेस कांगड़ा रैली से घबराई, सरकार पूरी तरह बैकफुट पर: सुरेश कश्यप

शिमला , 05 दिसंबर 25 (RHNN): भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने आरोप लगाया है कि कांगड़ा में हुई ऐतिहासिक भाजपा रैली ने कांग्रेस सरकार को पूरी तरह बैकफुट पर ला दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों को रैली स्थल तक पहुंचने से रोकने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद जनता का विशाल सैलाब कांग्रेस सरकार के खिलाफ सड़कों पर उमड़ पड़ा। कश्यप ने कहा कि जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं में कांग्रेस के प्रति भारी रोष है, जो यह संकेत देता है कि यदि आज चुनाव हो जाएं तो कांग्रेस “ढूंढे से भी नहीं मिलेगी।” उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी दिनों में कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ेगी।

उन्होंने कांग्रेस पर सनातन विरोधी, जनविरोधी और विकास विरोधी होने का आरोप लगाया। कश्यप ने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़ गए हैं और जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।भूमिहीन गरीब परिवारों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार की नीति उन्हें कानूनी हक दिलाने के लिए थी, लेकिन मौजूदा सरकार अदालत में सही पक्ष रखने में विफल रही, जिससे 1.24 लाख परिवार बेघर होने के संकट से जूझ रहे हैं।कश्यप ने कहा कि भाजपा गरीब, किसान, मजदूर और युवा वर्ग की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी और कांग्रेस सरकार की “जनविरोधी सच्चाई” हर घर तक पहुंचाएगी।

Related posts