शिमला , 12 दिसंबर 25 (RHNN): हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के 19वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को प्रबंध निदेशक आबिद हुसैन सादिक ने बीसीएस स्कूल मैदान में किया। उद्घाटन मैच में एम.डी. इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेयरमैन इलेवन को 5 रन से पराजित किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एम.डी. इलेवन ने 18 ओवर में 108 रन बनाए। टीम के उप-कप्तान हेमंत भारद्वाज ने सर्वाधिक 25 रन का योगदान दिया। गेंदबाज़ी में चेयरमैन इलेवन की ओर से योगेश और लवेश लैटका सबसे सफल रहे, दोनों ने तीन-तीन विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए चेयरमैन इलेवन की टीम 18 ओवर में 102 रन पर ऑलआउट हो गई। एम.डी. इलेवन की ओर से गेंदबाज़ों ने शानदार प्रदर्शन किया। हरीश ने 22 रन देकर चार विकेट, विनोद चौहान ने सिर्फ 8 रन देकर तीन विकेट, जबकि हेमंत भारद्वाज ने एक विकेट लिया।मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हेमंत भारद्वाज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस अवसर पर नरेश ठाकुर, निदेशक कार्मिक, और मनीष महाजन, निदेशक इलेक्ट्रिकल सहित विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

