RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

कोटखाई CHC में अल्ट्रासाउंड व डिजिटल डेंटल एक्स-रे शुरू, जुब्बल अस्पताल को भी मिली सुविधा

शिमला, 02 फरवरी 26 (RHNN) : आदर्श सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोटखाई में अल्ट्रासाउंड व डिजिटल डेंटल एक्स-रे सुविधा, जबकि सिविल अस्पताल जुब्बल में डिजिटल डेंटल एक्स-रे सुविधा का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला डॉ. यशपाल रांटा ने किया। इस अवसर पर डॉ. रांटा ने कहा कि इन सुविधाओं के शुरू होने से कोटखाई व जुब्बल क्षेत्र के लोगों को अब ठियोग, रोहड़ू या शिमला नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और धन की बचत के साथ-साथ मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में सीएचसी कोटखाई को प्रदेश सरकार ने आदर्श स्वास्थ्य संस्थान घोषित किया था। इसके बाद यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्तियां की गईं, जिनके सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं। वर्तमान में संस्थान में स्त्री रोग एवं प्रसूति, बाल रोग, नेत्र रोग, ईएनटी, एनेस्थीसिया और क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ सेवाएं दे रहे हैं। इस मौके पर तहसील कोटखाई कोऑपरेटिव यूनियन के अध्यक्ष गुमान सिंह चौहान ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का आभार जताते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच से जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ हुई हैं। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related posts