RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़लोकमंच

वित्तीय साक्षरता शिविर, घनाहट्टी में ग्रामीणों को बीमा-पेंशन व डिजिटल सुरक्षा की दी जानकारी

शिमला, 13 फरवरी 26 (RHNN) : हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक शाखा घनाहटी की ओर से शुक्रवार को ग्राम पंचायत घनाहट्टी (कूफरीधार) में नाबार्ड के सौजन्य से वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं और डिजिटल लेन-देन में सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।

शिविर में बैंक प्रबंधक लेखराम शर्मा, कार्यकारी सहायक प्रेमलाल वर्मा और मदन शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को बैंक में संचालित विभिन्न वित्तीय एवं ऋण योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और बचत संबंधी योजनाओं के लाभ बताए गए।

बैंक अधिकारियों ने मोबाइल के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के उपाय भी समझाए। लोगों को डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के बारे में जागरूक करते हुए ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। इसके अलावा सशक्त महिला ऋण योजना के तहत बिना गारंटी ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, वेतन संबंधी ऋण और अन्य लोन योजनाओं की जानकारी भी दी गई। ग्रामीणों ने शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लिया और बैंकिंग सेवाओं से जुड़े सवाल पूछे। बैंक प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता शिविर आयोजित करने की बात कही।

Related posts