शिमला, 07 मार्च 26 (RHNN) : एनएसयूआई शिमला शहरी द्वारा पुलिस ग्राउंड भराड़ी में आयोजित 10 दिवसीय ‘एंटी-चिट्टा क्रिकेट महाकुंभ’ का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट , नगर निगम शिमला की उप-महापौर ऊमा कौशल सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। युवाओं में बढ़ते नशे, विशेष रूप से ‘चिट्टे’, के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित यह क्रिकेट टूर्नामेंट 10 दिनों तक चला, जिसमें कुल 64 टीमों ने भाग लिया और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबले में मैडी-11 चौपाल की शानदार जीत : टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मैडी-11 चौपाल और पुलिस लाइन भराड़ी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मैडी-11 चौपाल की टीम ने 122 रन का मजबूत स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस लाइन भराड़ी की टीम 8 ओवरों में मात्र 52 रन ही बना सकी। इस तरह मैडी-11 चौपाल ने 70 रनों से शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट अपने नाम कर लिया।
युवाओं को नशे से दूर रखने में खेलों की अहम भूमिका : इस अवसर पर महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशों के अनुसार चिट्टे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से इस टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें खेलों की ओर प्रेरित करने के लिए ऐसे आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं।
भराड़ी ग्राउंड के विकास पर होगा विशेष कार्य : महापौर ने बताया कि पुलिस ग्राउंड भराड़ी के विकास के लिए नगर निगम शिमला लगातार प्रयास कर रहा है। मैदान के चारों ओर सुरक्षा के लिए जालियां लगाई जाएंगी, ताकि खेल गतिविधियां सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालित हो सकें। इसके साथ ही ग्राउंड की दीवारों पर पेंटिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए प्रैक्टिस पिच पहले ही तैयार की जा चुकी है, जिससे युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें। इसके अलावा भराड़ी ग्राउंड में वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट बनाने की भी योजना है, ताकि विभिन्न खेलों को बढ़ावा दिया जा सके। एनएसयूआई जिला शिमला शहरी इकाई के अध्यक्ष हार्दिक भंडारी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों, आयोजकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई जिला शिमला शहरी भविष्य में भी युवाओं के उत्थान, छात्र अधिकारों की रक्षा और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए इस तरह के और कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

