शिमला, 09 मार्च 26 (RHNN) : राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने शिमला जिला के कुमारसैन और कोटगढ़ क्षेत्र के राजस्व अधिकारियों के साथ बैठक की और क्षेत्र से जुड़े भूमि संबंधी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। जगत सिंह नेगी ने कहा कि भूमि प्रदान करने की विभिन्न योजनाओं के तहत कुमारसैन और कोटगढ़ क्षेत्र में लोगों को भूमि पट्टे जारी हुए 50 वर्ष बीत चुके हैं। ज्यादातर मामलों में भूमि पट्टे जारी हुए लेकिन आज तक इंतकाल नहीं हुआ। दूसरे ऐसे मामले हैं जिनमें भूमि पट्टे मंजूर हुए और नज़राना भी जमा किया गया लेकिन पट्टे नहीं दिए गए।
राजस्व मंत्री ने कहा कि कुमारसैन और कोटगढ़ क्षेत्र के लोगों द्वारा उनके ध्यान में यह मामला लाया गया है। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को कोटगढ़ और कुमारसैन के सभी लंबित मामलों का निपटारा करने तथा इस संबंध में की गई कार्यवाही के बारे में एक माह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जगत सिंह नेगी ने आदेशों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने तथा राजस्व अधिकारियों को इसके लिए एक विशेष अभियान आरम्भ करने के निर्देश दिए। बैठक के उपरांत, कोटगढ़ और कुमारसैन के लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राजस्व मंत्री से भेंट की और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता प्रदान कर समाधान करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। बैठक में अतिरिक्त सचिव राजस्व अनिल चौहान और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

