RHNN
Uncategorizedट्रेंडिंग न्यूज़नारी शक्ति

केएनएच गायनी ओपीडी शिफ्ट से महिलाएं परेशान, 30 अप्रैल को आईजीएमसी के बाहर प्रदर्शन की चेतावनी

शिमला, 23 अप्रैल 26 (RHNN): केएनएच से गायनी ओपीडी को आईजीएमसी शिफ्ट करने के फैसले को लेकर विरोध तेज हो गया है। इसी के विरोध में अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने 24 घंटे का धरना समाप्त करते हुए सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। समिति का कहना है कि इस फैसले से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को झेलनी पड़ रही है, जिन्हें इलाज के लिए अब इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।

धरने के समापन पर राज्य अध्यक्ष रंजना जरेट ने आरोप लगाया कि सरकार ने बिना पर्याप्त तैयारी और सोच-विचार के यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर जांचों और इलाज में शुल्क बढ़ाकर आम लोगों पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

वहीं, राज्य सचिव फालमा चौहान ने कहा कि प्रसूति और गायनी सेवाओं को अलग करना विश्व स्वास्थ्य संगठन और मेडिकल काउंसिल के दिशा-निर्देशों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोबोटिक सर्जरी के नाम पर महिलाओं को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। धरने के बाद समिति ने मुख्यमंत्री सहित संबंधित अधिकारियों को एम एस केएनएच अस्पताल सुंदर नेगी के माध्यम से ज्ञापन भेजा है और चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो 30 अप्रैल को आईजीएमसी के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।

Related posts