शिमला, 26 अप्रैल 26 (RHNN) : हिमाचल प्रदेश में रग्बी को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल के तहत गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक सुंदरनगर में पहली बार अंडर-12 बालक एवं बालिका रग्बी चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में शिमला, कुल्लू, बिलासपुर, मंडी और सिरमौर जिलों की टीमों ने भाग लिया। कुल 104 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिनमें करीब 45 बालिकाएं शामिल रहीं।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में निदेशक मत्स्य विभाग विवेक चंदेल (आईएएस) उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
ऐसे आयोजन भविष्य में खिलाड़ियों के लिए मजबूत आधार तैयार करते हैं। रग्बी एसोसिएशन ऑफ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. विकास सूद ने कहा कि अंडर-12 स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित करना प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन रग्बी को स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रतियोगिता के परिणामों में सिरमौर का दबदबा रहा। बालिका वर्ग के फाइनल में सिरमौर ने शिमला को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि कुल्लू तीसरे स्थान पर रहा। वहीं बालक वर्ग में भी सिरमौर ने शिमला को 5-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया और सिरमौर ‘ए’ टीम ने कांस्य पदक हासिल किया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, कोचों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए इसे भविष्य में नियमित आयोजन बनाने की बात कही।

